मुजफ्फरनगर। “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम के साथ 23 सितंबर को मनाए जाने वाले 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में आयुर्वेद जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में “संतुलित आहार, स्वस्थ जीवन का आधार” स्लोगन के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली और संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसम पाल के मार्गदर्शन में समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने छात्राओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों को “संतुलित आहार, स्वस्थ जीवन का आधार” के स्लोगन के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई।
डॉ. राजीव कुमार ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनपदवासियों से आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद निवारक स्वास्थ्य देखभाल, बेहतर जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के माध्यम से निवारक स्वास्थ्य देखभाल, कल्याण और टिकाऊ जीवनशैली में आयुर्वेद के संभावित योगदान को रेखांकित किया जा रहा है। साथ ही, आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रमाण, नवाचार, गुणवत्ता, पेशेवर क्षमता और जिम्मेदार वैश्वीकरण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा, ब्लॉक सदर के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया एवं विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















