मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान-3.0 के तहत जनपद न्यायालय परिसर में मंगलवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गरिमा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया।
रैली का उद्देश्य आमजन को मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान के प्रति जागरूक करना तथा न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का अधिकाधिक संख्या में निस्तारण कराना है। अभियान 1 अगस्त 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि 1 नवंबर 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सूजड़ू चुंगी, मुजफ्फरनगर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को विधिक सहायता और विभिन्न सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
रैली में प्रभारी जनपद न्यायाधीश गरिमा सिंह, सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी, जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारी, जनपद के वरिष्ठ पत्रकार तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
















