मुजफ्फरनगर। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर उपायुक्त उद्योग विभाग की ओर से विकास भवन में टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत कारीगरों को रोजगार एवं प्रशिक्षण से जोड़ने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस दौरान योजना के लाभार्थियों को हलवाई, बढ़ई और दर्जी के कार्य से संबंधित टूलकिट वितरित की गईं। मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान योजना के पात्र लाभार्थियों सहित विभिन्न संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर हुनरमंद कारीगरों को टूलकिट उपलब्ध कराना हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित और विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर घरों में दीपक जलाकर शुभकामनाएं देने की अपील की। संचालन बाल कल्याण समिति के डॉ. राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, सीडीओ कमल किशोर कंडारकर, उपायुक्त उद्योग जैस्मिन समेत अधिकारी, कारीगर और लाभार्थी मौजूद रहे।















