सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज.

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। इसमें कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी, उप कृषि निदेशक, डीसी एआरएलएम, डीएफओ और इफको के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर को जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित 150 किसानों द्वारा दीप प्रज्वलित किए जाएं। इस तरह जिले की 75 न्याय पंचायतों में कुल 11,250 दीप जलाए जाएंगे। दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम प्रत्येक न्याय पंचायत में शाम सात बजे आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर पिछले 10 से 12 वर्षों में निर्मित या जीर्णोद्धार किए गए भवनों पर भी 21 से 51 दीप प्रज्वलित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

बैठक में बताया गया कि 18 से 21 सितंबर तथा 25 से 29 सितंबर तक ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा। इन चौपालों में किसानों की समस्याएं सुनी जाएंगी और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निराकरण कराया जाएगा। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान की गतिविधियों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts