नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए मुजफ्फरनगर से मदद रवाना.

मुजफ्फरनगर। नेपाल में आई भीषण आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की पहल पर चलाए गए ‘नेपाल हेल्पिंग हैंड’ अभियान के तहत एकत्र खाद्य सामग्री मंगलवार को टाउनहाल मैदान से नेपाल के लिए रवाना की गई। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने खाद्य सामग्री से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अभियान में सहयोग करने वाले नागरिकों, सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

अभियान के दौरान लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार चावल, आटा, दाल, घी-तेल और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। इसके अलावा अभियान के लिए 3 लाख 11 हजार रुपये का नकद सहयोग भी प्राप्त हुआ। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नेपाल के साथ भारत के सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध भी गहरे हैं, इसलिए वहां के प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना मानवीय दायित्व है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आपदा के समय पड़ोसी और मित्र देशों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहा है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भी सेवा और जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के लोगों ने अभियान में जिस तरह सहयोग दिया, वह मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक एकजुटता का उदाहरण है।

इस दौरान व्यापारी नेता कृष्ण गोपाल मित्तल, राकेश त्यागी, जनार्दन विश्वकर्मा, विकल्प जैन, कुसुमलता पाल, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, रजत धीमान, योगेश मित्तल, शौकत अंसारी, हकीम इरशाद अंसारी, प्रशान्त गौतम, नवनीत गुप्ता, अनुज कुमार, विजय कुमार चिंटू, प्रमोद अंबेडकर, सुन्दर सिंह, ईओ पवन कुमार सहित पालिका अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts