बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर और कॉमेडियन मुश्ताक खान का बीते गुरुवार को निधन हुआ. लगभग चार दशकों तक अपनी कॉमिक टाइमिंग और दमदार एक्टिंग से सबको हंसाने वाले एक्टर सबको अलविदा कह गए. 24 सितंबर की शाम मुंबई के नानावटी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. वो लंबे समय से फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित थे. शुक्रवार को मुंबई के यारी रोड स्थित कब्रिस्तान में उन्हें नम आंखों के साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है. जहां फिल्म इंडस्ट्री के कुछ सितारों ने पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी. इस दौरान जहां बेटे ने पिता की अर्थी को कंधा दिया, तो वहीं उनकी बेटी फूट-फूटकर रोती नजर आईं.उनके बिजनेस पार्टनर के मुताबिक, लगभग 5 साल पहले मुश्ताक खान को फेफड़ों के कैंसर का पता चला था. इलाज के बाद वह काफी हद तक ठीक हो गए थे. लेकिन हाल ही में उनका कैंसर दोबारा उभर आया. तबीयत बिगड़ने के बाद एक्टर को मुंबई के नानावटी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था. जहां करीब 15 दिनों तक इलाज भी चला. लेकिन 24 सितंबर की शाम 7 बजे उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया.
ऐसे हुई थी करियर की शुरुआत
मध्य प्रदेश के बालाघाट के रहने वाले मुश्ताक खान ने 1980 के दशक में करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने थिएटर और एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. दरअसल एक्टर साल 1980 में रिलीज हुई फिल्म ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ में सबसे पहले नजर आए थे. शुरुआती दिनों में राइटर सलीम खान एक्टर के काम से काफी प्रभावित हुए थे. जिसके बाद उन्हेंमहेश भट्ट से मिलवाया था. इसके बाद महेश भट्ट की फिल्म ‘कबजा’ और ‘आशिकी’ से उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान मिली थी.
‘वेलकम’ का ‘नकली टांग’ वाला किस्सा
यूं तो मुश्ताक खान ने अपने करियर में सैकड़ों फिल्में की हैं. पर साल 2007 में आई फिल्म ‘वेलकम’ में उदय शेट्टी के साथी ‘बल्लू’ का उनका किरदार हर तरफ छा गया था. फिल्म में उनका वो आइकॉनिक सीन और डायलॉग, जब वो कहते हैं- ”मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था… एक दिन उदय भाई को मेरी किसी बात पर गुस्सा आ गया तो मेरी हॉकी स्टिक से मेरी ही टांग के दो टुकड़े कर दिए… लेकिन दिल के बहुत अच्छे हैं, मुझे तुरंत अस्पताल ले गए.” आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स का हिस्सा बना हुआ है.न सिर्फ फिल्में बल्कि, इसके अलावा उन्होंने ‘अदालत’, ‘चाचा चौधरी’ और ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे टीवी शोज में भी काम किया है. उनके निधन से बॉलीवुड और टीवी जगत में शोक की लहर है.
इन फिल्मों में भी किया शानदार काम
दरअसल अपने चार दशकों के करियर में मुश्ताक खान ने हर बड़े सुपरस्टार के साथ काम किया है. वो ‘वेलकम’ और ‘वेलकम बैक’ में बल्लू का किरदार निभाकर घर-घर में पॉपुलर हुए. वहीं, ‘गदर: एक प्रेम कथा’ और ‘गदर 2’ में गुल खान का यादगार रोल निभाया. जबकि, ‘आशिकी’ और ‘दिल है कि मानता नहीं’ में भी अहम किरदार प्ले किया. वहीं, ‘हम हैं राही प्यार के’ फिल्म में आमिर खान के साथ साउथ इंडियन टेलर का मजेदार रोल किया था.















