मुजफ्फरनगर। खालापार थाना क्षेत्र के सुजड़ू स्थित रतन मार्केट में चोरों ने अबरार मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 5 से 7 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। चोरों ने दुकान में रखे सामान को भी बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुजड़ू निवासी अबरार उस्मानी रतन मार्केट में अबरार मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। बीती रात अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने गल्ले को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। सुबह जब अबरार उस्मानी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला टूटा हुआ था। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि करीब तीन-चार वर्ष पहले भी इसी मेडिकल स्टोर में चोरी की वारदात हुई थी। उस समय भी थाने में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन आज तक उस घटना का खुलासा नहीं हो सका। पीड़ित ने खालापार थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चोरी की घटना का खुलासा करने, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और चोरी गई नकदी बरामद कराने की मांग की है।















