मुजफ्फरनगर। निर्वाचन आयोग की ओर से नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और जिन पात्र लोगों की वोट बनने से छूट गई है, उनकी वोट बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत समाजवादी पार्टी के पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी साजिद हसन ने मुजफ्फरनगर और पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर लोगों को अधिक से अधिक संख्या में वोट बनवाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों से अभियान की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की।
साजिद हसन ने मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के मौलाना मोहम्मद अली जौहर स्कूल सरवट रोड, कम्पोजिट विद्यालय जसवंतपुरी, जनता कन्या विद्यालय केवलपुरी तथा पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के पीआर पब्लिक स्कूल गांधी कॉलोनी, जय हिंद पब्लिक स्कूल सुभाषनगर सहित कुल 14 मतदान स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची, नए वोट बनवाने की प्रक्रिया और संबंधित प्रपत्रों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचे लोगों से बातचीत करते हुए पात्र नागरिकों को अपनी वोट बनवाने तथा मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की।
इस अवसर पर साजिद हसन ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी वोट की सुरक्षा उसी प्रकार करनी चाहिए, जिस प्रकार वह अपनी माल-दौलत की सुरक्षा करता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम साजिशन या गलत तरीके से मतदाता सूची से काटे जाने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी की वोट गलत तरीके से काटने या मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया गया तो समाजवादी पार्टी इसके खिलाफ मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।















