ईरान में भीषण सड़क हादसा, गैस रिफाइनरी कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 की मौत.

पश्चिमी ईरान में इराक की सीमा के पास गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, ये हादसा अब्दानन और देहलोरन को जोड़ने वाली सड़क पर हुआ. एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि बस में गैस रिफाइनरी के कर्मचारी सवार थे, तभी वो पलट गई.

मृतकों की संख्या बढ़ सकती है

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया. बस किन परिस्थितियों में पलटी, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है. IRNA ने रविवार को बताया कि अधिकारियों ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.

इन अस्पतालों में हो रहा इलाज

अब्दानन काउंटी के गवर्नर बेहजाद नूरमोहम्मदी ने शनिवार देर रात IRNA को बताया कि घायलों को इलाज के लिए इलाम, देहलोरन, देजफुल और अब्दानन के अस्पतालों में भेज दिया गया है.अधिकारी ने आगे बताया कि 32 कर्मियों वाली 12 बचाव टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है, और साथ ही 6 एम्बुलेंस तथा 6 सहायता और बचाव वाहन भी तैनात किए गए हैं.

ईरान में सड़क हादसे एक बड़ी चिंता का विषय

इस घटना ने ईरान में सड़क सुरक्षा को लेकर फिर से चिंताएं बढ़ा दी हैं, जहां पहले भी कई जानलेवा सड़क हादसे हो चुके हैं. ईरान के ‘लीगल मेडिसिन ऑर्गनाइजेशन’ द्वारा जून में जारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च में खत्म हुए 12 महीनों के दौरान पूरे देश में सड़क हादसों में लगभग 20,000 लोगों की मौत हुई. इस ताजा हादसे ने देश में सड़क सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को और बढ़ा दिया है, और अब अधिकारी इस दुखद घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts