मनीला में संभावित QUAD समिट पर दुनिया की नजर, भारत की चुप्पी से बढ़ी कूटनीतिक हलचल.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस में ASEAN समिट में हिस्सा लेने जा रहे हैं, लेकिन इस यात्रा के दौरान होने वाली एक संभावित बैठक को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज है. दुनिया की नजर भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के QUAD नेताओं की संभावित बैठक पर है. अमेरिका और जापान की तरफ से मनीला में QUAD समिट के संकेत दिए जा चुके हैं, लेकिन भारत की तरफ से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में सवाल है कि जब दूसरे सदस्य देश बैठक की तैयारी की बात कर रहे हैं, तो भारत का विदेश मंत्रालय अभी भी इस पर स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दे रहा है?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अक्टूबर में एक इंटरव्यू के दौरान साफ कहा था कि चारों QUAD देशों के बीच फिलीपींस में होने वाले ASEAN सम्मेलन के दौरान नेताओं की बैठक आयोजित करने पर सहमति बन गई है. रुबियो ने कहा था कि बैठक इस साल के अंत से पहले मनीला में होगी. उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि इस बैठक में केवल औपचारिक मुलाकात नहीं होगी, बल्कि चारों देश ठोस पहल और फैसलों की घोषणा कर सकते हैं. हालांकि, उस समय उन्होंने बैठक की निश्चित तारीख नहीं बताई थी.

जापान ने क्या कहा?

इसके बाद जापान की तरफ से भी बैठक को लेकर महत्वपूर्ण बयान सामने आया. जापान के उप मुख्य कैबिनेट सचिव मासानाओ ओजाकी ने 13 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जापान, अमेरिका, भारत और ऑस्ट्रेलिया मनीला में मंगलवार यानी 17 नवंबर को QUAD समिट आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं. जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत चारों देशों के नेताओं की बैठक में आर्थिक सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर सहयोग दोहराए जाने की उम्मीद है.लेकिन दूसरी तरफ भारत का आधिकारिक रुख अभी अलग तस्वीर पेश कर रहा है. 12 नवंबर को प्रधानमंत्री की फिलीपींस यात्रा से पहले विदेश मंत्रालय की विशेष ब्रीफिंग में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन से जब QUAD बैठक की संभावना पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, इस समय हमारे पास इसकी कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तेजी से तैयार किया जा रहा है और फिलहाल मंत्रालय के पास ASEAN समिट और ईस्ट एशिया समिट में प्रधानमंत्री की भागीदारी के अलावा अन्य कार्यक्रमों की पुष्टि नहीं है.

पिछली बैठक कब हुई?

यहीं से इस संभावित बैठक को लेकर कूटनीतिक सवाल खड़े होते हैं. एक तरफ अमेरिका कह रहा है कि चारों देश बैठक के लिए सहमत हैं, जापान बैठक की तैयारी और तारीख बता रहा है, वहीं भारत की तरफ से अभी तक कोई औपचारिक पुष्टि नहीं आई है. क्या चारों देशों के नेताओं के कार्यक्रम का अंतिम समन्वय अभी जारी है? क्या द्विपक्षीय मुलाकातों और QUAD बैठक के समय को लेकर बातचीत चल रही है? या फिर नेताओं के स्तर पर सहमति बनने के बावजूद कार्यक्रम और भागीदारी को लेकर अंतिम औपचारिकताएं बाकी हैं? फिलहाल इन सवालों पर भारत सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.गौरतलब है कि QUAD नेताओं की पिछली बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी. इसके बाद 2025 में अगली बैठक की मेजबानी भारत को करनी थी, लेकिन यह बैठक नहीं हो सकी. ऐसे में मनीला में संभावित समिट करीब दो साल बाद चारों देशों के नेताओं की पहली बैठक होगी और डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में पहली QUAD लीडर्स समिट भी होगी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts