बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है। जिला पंचायत वार्ड संख्या 15 तिन्दवारा-बड़ोखर खुर्द की सदस्य सुजाता देवी के प्रतिनिधि धीरज राजपूत ने मेडिकल कॉलेज के दो चिकित्सकों पर बेटे के इलाज के नाम पर 25 हजार रुपये मांगने, निजी अस्पताल में सर्जरी कराने का दबाव बनाने और विरोध करने पर अभद्रता कर इलाज से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। 24 नवंबर को धीरज राजपूत अपने बेटे आदित्य राजपूत के पैर में लगी चोट का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। इमरजेंसी सर्जरी ओपीडी के कमरा नंबर 12 में पर्चा बनवाकर बच्चे को चिकित्सक डॉ. आरसी अरुण को दिखाया। आरोप है कि डॉक्टर ने पैर देखने के बाद सर्जरी की जरूरत बताई और अपने असिस्टेंट डॉ. मनोज कुमार से मिलने को कहा। धीरज राजपूत का आरोप है कि डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि डॉ. आरसी अरुण साई ओसो हॉस्पिटल में निजी तौर पर इलाज करते हैं और वहीं बच्चे की सर्जरी हो जाएगी। इसके लिए करीब 25 हजार रुपये खर्च होने की बात कही गई।इस पर धीरज ने सवाल उठाया कि जब डॉक्टर सरकारी मेडिकल कॉलेज में तैनात हैं, तो बच्चे का इलाज सरकारी अस्पताल में क्यों नहीं हो सकता।
सवाल उठाने के बाद डॉ. मनोज कुमार और डॉ. आरसी अरुण के बीच बातचीत हुई। इसके बाद डॉ. आरसी अरुण ने उन्हें बुलाकर नाराजगी जताई और इलाज से इनकार कर दिया। आरोप है कि डॉक्टर ने उनका पर्चा फेंकते हुए कहा कि यहां सभी डॉक्टर निजी तौर पर देखते हैं, इलाज कराना है तो डॉ. मनोज कुमार की बात माननी पड़ेगी। धीरज का यह भी आरोप है कि शिकायत करने की बात कहने पर दोनों चिकित्सकों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बच्चे को लेकर अस्पताल से चले जाने को कहा। धीरज राजपूत ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मेडिकल कॉलेज में मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजने और बाहर की दवाएं लिखने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बिना दबाव के बेहतर उपचार मिल सके। अब सबकी नजर मुख्यमंत्री कार्यालय और स्वास्थ्य विभाग पर है कि इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लिया जाता है और मेडिकल कॉलेज प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।















