सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं.

औरैया। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील अजीतमल में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

समाधान दिवस में मोहल्ला सूर्यनगर निवासी अयोध्या सिंह एवं अन्य लोगों ने सीओ कॉलोनी के तिराहे पर जलभराव की समस्या उठाई। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल के अधिकारियों ने पूर्व में भ्रामक आख्या देकर शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया, जबकि मौके पर समस्या जस की तस बनी हुई है। क्षतिग्रस्त नाले और आवागमन में बाधा की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी (न्यायिक) को स्थलीय निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।

ग्राम पचदेवरा निवासी हरिकृष्ण आर्य ने गाटा संख्या 205 की 0.162 हेक्टेयर भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा दोबारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। उन्होंने परिवार की सुरक्षा और भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी अजीतमल को मौके पर पहुंचकर जांच और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम भूरेपुर खुर्द निवासी कुँवर सिंह ने गाटा संख्या 84ऊ की 0.05 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जे तथा शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया। इस पर तहसीलदार अजीतमल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भेजी गईं। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी अजीतमल विनोद कुमार मीणा, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts