मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी की ओर से 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर लोकतंत्र बचाओ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय से कचहरी गेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। वहां पार्टी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
जिया चौधरी ने कहा कि पार्टी की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से हटाए गए लोगों की वैधानिक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। साथ ही सरकार को यह बताना चाहिए कि ऐसे लोगों को भविष्य में मतदान का अधिकार किस आधार पर मिलेगा और क्या वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पैदल मार्च के बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पार्टी कार्यकर्ता अपनी बात रखेंगे और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का कार्यक्रम भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम करेगी और पार्टी कार्यकर्ता अपना कार्यक्रम करेंगे।इस दौरान चरथावल विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक पंकज मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी देश की जनता, विकास और लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष करती रही है। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता के मुद्दों को लेकर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।















