संविधान दिवस पर युवाओं ने लिया विकसित भारत @2047 का संकल्प.

मुजफ्फरनगर। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड इंटर कॉलेज में माई भारत (MY Bharat) मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में संविधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी, माई भारत के नेतृत्व तथा कॉलेज के प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं समाजसेवी प्रवेंद्र दहिया रहे। इस अवसर पर हिंदुस्तान यूथ आइकन अवार्ड से सम्मानित युवा वक्ता अक्षय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विकसित भारत @2047 की रूपरेखा और देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर देव शर्मा और प्रियांश तोमर ने नशा मुक्त अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी मोहम्मद जुबैर ने विद्यार्थियों को खेलकूद और नियमित व्यायाम के माध्यम से शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान संविधान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को माई भारत की ओर से उपहार स्वरूप मग प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों का सम्मान किया गया तथा उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्ति, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts