श्रीराम कॉलेज में मिलेट्स जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने दिखाए पौष्टिक व्यंजनों के हुनर.

मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश मिलेट्स ‘श्री अन्न’ पुनरुद्धार योजना के अंतर्गत एक दिवसीय मिलेट्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मोटे अनाज से तैयार स्वादिष्ट एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देना और मिलेट्स को ‘सुपरफूड फॉर हेल्दी फ्यूचर’ की अवधारणा से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के प्रथम चरण में मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया। उन्होंने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद भी लिया और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए मिलेट्स को जनआंदोलन बनाने तथा इन्हें नियमित भोजन में शामिल करने का आह्वान किया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

तकनीकी सत्र की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने की। राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी, उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, कृषि विज्ञान केंद्र बघरा की विषय विशेषज्ञ डॉ. सविता आर्य, कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़ा की विषय विशेषज्ञ डॉ. पूजा, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी, श्रीराम कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रेरणा मित्तल और डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वक्ताओं ने कहा कि बाजरा, ज्वार, रागी, कुटकी, कोदो, सांवा और कंगनी जैसे मोटे अनाज भारतीय भोजन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। इनमें फाइबर, प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं। आधुनिक जीवनशैली में फास्ट फूड और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के बढ़ते सेवन के बीच मिलेट्स को भोजन में शामिल करना स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी है।

कार्यक्रम में कृषि, बायोसाइंस और गृहविज्ञान विभाग के छात्रों ने मिलेट्स से तैयार आटा, स्नैक्स, पेय पदार्थ, डेजर्ट, नमकीन, बेक्ड और अन्य खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का विशेषज्ञ समिति ने मूल्यांकन किया और विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कपिल धीमान ने किया। कॉलेज के शिक्षक एवं छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts