मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर पुलिस ने विद्युत तार और ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए दो बदमाशों समेत कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16/17 अगस्त की रात ग्राम किनौनी निवासी किरण सिंह के नलकूप से करीब 1700 मीटर विद्युत तार चोरी किया गया था। इसके अलावा 5/6 अगस्त की रात जंगल ग्राम किनौनी में सद्दाम के 100 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर से सामान चोरी किया गया था। दोनों मामलों में थाना शाहपुर पर मुकदमे दर्ज किए गए थे।घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम 24/25 अगस्त की रात हरसौली-काकड़ा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक छोटा हाथी वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। कच्चे रास्ते में वाहन फंसने के बाद बदमाश ईख के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कांबिंग के दौरान तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक छोटा हाथी, दो तमंचे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, तीन अवैध चाकू, करीब 70 किलो ट्रांसफार्मर की कॉइल, एलटी खुंटी और 1500 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई।























































