मुजफ्फरनगर। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन उपायुक्त राज्य कर (प्रशासन) शोभित श्रीवास्तव ने किया। इसमें विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, विद्युत आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था, जलभराव, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने टाउन हॉल तथा महावीर चौक बिजलीघर से संबंधित स्थान के चयन के लिए एक्शन हाइडिल और नगर पालिका ईओ को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।विद्युत विभाग के अधिकारियों को नगर में विद्युत संचालन से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान करने तथा मंडी क्षेत्र में बिजली के खंभों से संबंधित समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर में जहां भी बिजली के तार बिना इन्सुलेशन के हैं, उन्हें दुरुस्त कराने को कहा गया, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका ईओ को शहर के प्रमुख स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर समय से समाधान कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहर के मुख्य स्थानों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।















