मुजफ्फरनगर। 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज, जड़ौदा की छात्रा वंशिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 बालिका वर्ग की 68 किलोग्राम भार श्रेणी में कांस्य पदक हासिल किया। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गोरखपुर जनपद में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न मंडलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। वंशिका ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और संघर्षपूर्ण प्रदर्शन के दम पर सहारनपुर मंडल के लिए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता से वापस विद्यालय पहुंचने पर वंशिका का विद्यालय परिसर में सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, प्रबंधक रीता दहिया एवं आदित्य दहिया ने छात्रा को सम्मानित करते हुए उसकी उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के साथ योगाचार्य सत कुमार भी गोरखपुर गए और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। वहीं मुजफ्फरनगर की बालिका खिलाड़ियों के साथ प्रियंका रंजन भी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने उनके सहयोग और प्रोत्साहन की सराहना की।
प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को भी उचित मंच और प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वंशिका की उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार ने वंशिका के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे जिला, मंडल, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं मुजफ्फरनगर का नाम रोशन करेगी।















