वंदे भारत समेत 9 ट्रेनें कैंसल, 14 डायवर्ट, चक्रवाती से यात्री परेशान.

ओडिशा में खराब मौसम के चलते रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है. इसका असर अब रेलवे के संचालन पर भी दिखाई देने लगा है. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने और कुछ के रास्ते बदलने का फैसला लिया है.रेलवे ने गुरुवार को कुल 9 ट्रेनों को रद्द करने की जानकारी दी. इनमें भुवनेश्वर से विशाखापत्तनम के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है. इसके अलावा भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-सिकंदराबाद विशाखा एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ है. रद्द की गई अन्य ट्रेनों में ब्रह्मपुर-विशाखापत्तनम पैसेंजर, विशाखापत्तनम-भुवनेश्वर पैसेंजर, ब्रह्मपुर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस शामिल हैं. वहीं, 30 अक्टूबर को चलने वाली जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई है.

बहुदा नदी का बढ़ा जलस्तर, रेलवे ट्रैक पर मंडराया खतरा

दरअसल, ओडिशा के गंजाम जिले में लगातार बारिश के कारण बहुदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. नदी का पानी रेलवे के दो पुलों पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया. यह स्थिति विशाखापत्तनम डिवीजन के इच्छापुरम-जादुपुड़ी रेल सेक्शन में बनी है.गंजाम जिले में करीब 550 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इसके बाद नदी और आसपास के जलाशयों का जलस्तर बढ़ने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ. सुरक्षा के मद्देनजर इस सेक्शन में ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है.

यात्रियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को भोजन और पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. रेलवे कर्मचारी और सुरक्षा बल यात्रियों की सहायता के लिए तैनात हैं. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बहुदा नदी का पानी कम होने और पुलों को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही सामान्य परिचालन शुरू होगा. ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले NTES या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए.

14 ट्रेनों के बदले गए रास्ते

रद्द करने के अलावा रेलवे ने 14 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाने का फैसला लिया है. इनमें ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-बेंगलुरु प्रशांति एक्सप्रेस, हावड़ा-बेंगलुरु एक्सप्रेस और भागलपुर-यशवंतपुर अंग एक्सप्रेस शामिल हैं. इन ट्रेनों को अंगुल, संबलपुर, रायगढ़ा, विजयनगरम और टिटलागढ़ जैसे वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जाएगा. अलग-अलग ट्रेनों के लिए रूट में बदलाव किया गया है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts