बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में टूटते परिवारों को बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने तीन बिखरते परिवारों को टूटने से बचा लिया है और आपसी सुलह कराकर फिर से एक साथ रहने को राजी किया है।मामला कोतवाली नगर और कोतवाली देहात क्षेत्र से जुड़ा है। थाना कोतवाली नगर की रहने वाली अलफिशा, थाना कोतवाली देहात की रहने वाली रामादेवी तथा थाना कोतवाली नगर की ही रहने वाली मुस्कान ने अपने पारिवारिक मतभेदों को लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया था। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने बताया कि हमारी कोशिश है कि छोटी-छोटी बातों को लेकर परिवार न टूटें। इसी उद्देश्य से मिशन शक्ति के तहत परिवार परामर्श केंद्र को सक्रिय किया गया है। मुझे तीन मामलों में प्रार्थना पत्र मिले थे,
जिनके निस्तारण के लिए मैंने परामर्श केंद्र प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह को निर्देशित किया था। मुझे खुशी है कि काउंसलिंग के बाद तीनों परिवारों में सुलह हो गई है। पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना नहीं, बल्कि सामाजिक रिश्तों को बचाना भी है। परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विस्तार से सुना। टीम ने आपसी संवाद के जरिए उनके मतभेदों को दूर किया और काउंसलिंग की। काउंसलिंग के बाद तीनों दंपतियों ने भविष्य में लड़ाई-झगड़ा न करने, एक-दूसरे का सम्मान करने और अपने पारिवारिक दायित्वों को निष्ठा से निभाने का वादा किया। इसके बाद परामर्श केंद्र की टीम ने उन्हें प्रेम और सामंजस्य के साथ वैवाहिक जीवन बिताने की सलाह और शुभकामनाएं दीं।














