मुजफ्फरनगर। रतनपुरी पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल .32 बोर, एक मस्कट, एक तमंचा तथा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर मांग के अनुसार उनकी सप्लाई करते थे और इससे आर्थिक लाभ कमाते थे।
पुलिस के मुताबिक अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और थाना प्रभारी रतनपुरी महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में रतनपुरी पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी।चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर जांच करने का प्रयास किया तो उन्होंने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक बल प्रयोग कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल, एक मस्कट, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते हैं और मांग के अनुसार हथियारों की सप्लाई करते थे। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि अवैध शस्त्रों की खरीद और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।















