मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना पुलिस ने ग्राम मुझेडा में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख रुपये कीमत के बने और अधबने पटाखों के साथ पटाखे बनाने की सामग्री और उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।
मीरापुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुझेडा में नवनिर्माणाधीन घेर के अंदर कुछ लोग अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चला रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे और पटाखे बनाने की सामग्री मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में बने और अधबने पटाखे तथा पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में थाना मीरापुर पर मुकदमा अपराध संख्या 162/2026 के तहत धारा 288, 125 बीएनएस तथा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।















