मुजफ्फरनगर। जैन मिलन शांतिनाथ परिवार मुजफ्फरनगर की ओर से दशलक्षण महापर्व के अवसर पर शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर, मुनीम कॉलोनी में देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं विशिष्ट अतिथि सभासद सीमा जैन ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अतिथियों का संस्था की वीरांगनाओं अनिका जैन, एकता जैन, नीतू जैन, डिंपल जैन, साधना जैन, नेहा जैन और ऋतु जैन ने तिलक व पटका पहनाकर स्वागत किया।
मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बच्चों को धर्म और देशप्रेम से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। सीमा जैन ने दशलक्षण महापर्व की बधाई देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष साधना जैन, क्षेत्रीय संरक्षक शीतल जैन, मंदिर कमेटी अध्यक्ष संजय, महामंत्री टोनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य संयोजक सुनील जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक जैन ने किया। अध्यक्ष विभोर जैन, मंत्री नितेश जैन, उपाध्यक्ष रूपल जैन व नीरज जैन सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।















