मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत जनपद में युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए ऋण वितरण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एग्री रेंटल सर्विस सेक्टर के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक की भैंसी-खतौली शाखा द्वारा गोविंद कुमार और सौरभ अहलावत को ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, मुजफ्फरनगर कार्यालय में उपायुक्त उद्योग जैस्मीन और सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने दोनों लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपीं।
उपायुक्त उद्योग जैस्मीन ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। एग्री रेंटल सर्विस सेक्टर के माध्यम से युवा कृषि कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनरी और उपकरणों को किराये पर उपलब्ध कराकर स्थायी आय का स्रोत विकसित कर सकते हैं।
सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने बताया कि योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने योजना और जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र का आभार जताते हुए कहा कि वित्तीय सहायता मिलने से उन्हें व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। विभाग द्वारा पात्र युवाओं को योजना के तहत लगातार मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जा रहा है।























































