मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान एवं सदस्य सपना कश्यप की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में महिलाओं से संबंधित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक और जनसुनवाई आयोजित की गई। बैठक में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, अल्पसंख्यक कल्याण, उद्योग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, पंचायती राज, कौशल विकास, परिवहन तथा मातृ-शिशु एवं परिवार कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई।
अध्यक्ष बबिता चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और जरूरतमंदों तक हर हाल में पहुंचाया जाए। उन्होंने महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बिंदुवार समीक्षा करते हुए पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं से संबंधित आठ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। आयोग अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से महिला सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर बबिता चौहान और सपना कश्यप ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड से लाभान्वित बच्चों को पांच लैपटॉप वितरित किए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिलाएं और उनके परिजन मौजूद रहे।























































