मिशन शक्ति-6.0 के तहत मुजफ्फरनगर में निकला महिला जागरूकता मार्च.

मुजफ्फरनगर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति अभियान-6.0 के तहत महिला जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने रिजर्व पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। पैदल मार्च रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू होकर शिव चौक तक पहुंचा। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह सहित पुलिसकर्मी, पीआरडी जवान, होमगार्ड, आशा बहुएं, एएनएम, अध्यापक, महिला चिकित्सक, नर्स, महिला सफाईकर्मी तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मार्च के दौरान पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

मिशन शक्ति अभियान-6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करने और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम करना है। पुलिस ने आमजन को संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना भय के पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।

जागरूकता कार्यक्रम में आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई। मुजफ्फरनगर पुलिस ने नागरिकों से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने तथा महिला संबंधी अपराधों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts