मिशन शक्ति-6.0 के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक.

मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत नगर क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय एवं छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक अपराध एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी इंदु सिद्धार्थ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।


कार्यक्रम के दौरान इंदु सिद्धार्थ ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, परेशानी अथवा आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। उन्हें शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पम्फलेट के माध्यम से दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठा सकें।
छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया गया। उन्हें अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी से बचने, अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने साइबर अपराध और मिशन शक्ति से जुड़े विषयों पर नाटकीय प्रस्तुति देकर महिला सुरक्षा, अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर छात्राओं को ज्योमेट्री बॉक्स वितरित किए गए और सूक्ष्म जलपान भी कराया गया। कार्यक्रम में सिविल लाइन थाना प्रभारी रघुराज सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मुजफ्फरनगर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts