मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) कंट्रोल रूम, आपदा कंट्रोल रूम तथा जिला जनगणना सेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कक्षों में संचालित कार्यों, उपलब्ध व्यवस्थाओं और अभिलेखों का अवलोकन करते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एमसीएमसी कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान गंभीर सिंह ने मीडिया निगरानी, समाचारों के संकलन और संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार मीडिया से जुड़ी गतिविधियों की नियमित और प्रभावी निगरानी की जाए। प्राप्त सूचनाओं एवं अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
आपदा कंट्रोल रूम के निरीक्षण में उन्होंने आपदा से संबंधित सूचनाओं के त्वरित संकलन, शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए कंट्रोल रूम को हमेशा सक्रिय और सतर्क रखा जाए।जिला जनगणना सेल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के नियोजन और संसाधनों के प्रभावी आवंटन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी और तत्परता से कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राहत सहायक नासिर हुसैन, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिंस जैन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।















