जनगणना-2027: फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का सीडीओ ने किया निरीक्षण.

मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए एसडी पब्लिक स्कूल, भोपा रोड पर आयोजित फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ। सात, आठ और नौ अक्टूबर को प्रथम एवं द्वितीय बैच तथा 12, 13 और 14 अक्टूबर को तृतीय बैच का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर देशभूषण ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रगति और जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण की प्रभावशीलता का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों, तकनीकी प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्हें आगे प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करना है। इसलिए सभी विषयों की स्पष्ट जानकारी प्राप्त करना और प्रशिक्षण के दौरान आने वाली शंकाओं का समय रहते समाधान करना आवश्यक है।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण में अनुशासन, आपसी समन्वय, तकनीकी दक्षता और जिम्मेदारी की भावना बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान आंकड़ों की शुद्धता, निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स को आगामी चरणों में अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं उचित खानपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया है। जनगणना-2027 देश की विकास योजनाओं और नीतिगत निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगी। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय की ओर से नामित जनगणना प्रभारी गौरव गुंजन सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts