मतदाता सूची से गायब नामों का होगा दोबारा सत्यापन, शामली में घर-घर जाकर जांचेंगे बीएलओ.

शामली में पुरानी मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद वर्तमान सूची से गायब मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल कराने के लिए घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के दौरान यदि संबंधित मतदाता उसी पते पर निवास करता मिलता है, तो उसका फॉर्म-6 भरवाकर नाम सूची में दोबारा शामिल कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके साथ ही मतदाता सूची में छूटे अन्य पात्र लोगों और नए युवा मतदाताओं के भी आवेदन भरवाए जाएंगे।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को शामली तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। सुबह 11 बजे आयोजित बैठक में कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से सुभाष चंद, बहुजन समाज पार्टी से विकान्त बर्मन और समाजवादी पार्टी से हरेंद्र जावला मौजूद रहे।बैठक में प्रतिनिधियों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। निर्णय लिया गया कि पुरानी सूची में दर्ज, लेकिन वर्तमान सूची से गायब मतदाताओं की सूची तैयार कर उनका घर-घर सत्यापन कराया जाएगा। पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाकर नाम दोबारा शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बीएलओ को एक सप्ताह में अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क के निर्देश

दूसरी बैठक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 10-शामली के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ हुई। इसमें उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची से बाहर ऐसे लोगों की पहचान की जाए, जो अब भी उसी पते पर रह रहे हैं। पात्र मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने के साथ ही सूची में छूटे अन्य मतदाताओं और नए युवा मतदाताओं के आवेदन भी भरवाए जाएं। प्रत्येक बीएलओ को एक सप्ताह के भीतर अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।दोनों बैठकों में नायब तहसीलदार अमन कुमार, रितु सिंह और त्रिपुरेश मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts