बाँदा। 2027 के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने बुंदेलखंड में अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नरैनी विधानसभा के सिंहपुर गांव में सपा ने बड़ी पीडीए जनपंचायत बुलाई।जिला अध्यक्ष एड. उमेश यादव की अध्यक्षता में हुई इस पंचायत में बांदा-चित्रकूट की सांसद कृष्णा पटेल और बबेरू विधायक विशंभर यादव ने मुख्य मंच संभाला, तो वहीं शासन के पूर्व निदेशक चिंतामणि श्रीवास मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।दरअसल, सपा का पूरा फोकस अब पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक वोट बैंक पर है।
पंचायत में वक्ताओं ने एक ही बात दोहराई – “जब तक हम एक नहीं होंगे, तब तक हक और सम्मान नहीं मिलेगा।जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने सीधा कहा ये जनपंचायत सिर्फ बैठक नहीं है, ये वंचितों की आवाज है। भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है, लेकिन सपा का हर कार्यकर्ता संविधान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरेगा। वहीं मुख्य अतिथि चिंतामणि श्रीवास ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को शिक्षा, नौकरी और सम्मान में बराबर का हिस्सा मिलना चाहिए और ये तभी होगा जब पीडीए जागरूक होगा। सिंहपुर की इस पंचायत में सपा ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में नरैनी से लेकर पूरे बुंदेलखंड में पीडीए के नाम पर गांव-गांव चौपाल लगेगी। भारी संख्या में लोग पीडीए पंचायत कार्यक्रम में मौजूद रहे।















