मुजफ्फरनगर। थाना बुढ़ाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने तत्परता और अथक प्रयासों से लावारिस हालत में मिले करीब डेढ़ से दो वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया। बच्चे के परिवार से बिछड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की और परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, थाना बुढ़ाना को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कस्बे के करबला रोड स्थित अब्बासी चौक के पास करीब डेढ़ वर्ष का एक मासूम बच्चा अकेला और लावारिस हालत में मिला है। सूचना मिलते ही पीआरवी-6584 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर सकुशल थाना बुढ़ाना पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए मिशन शक्ति टीम को सौंप दिया।
मासूम बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया था और मौके पर उसके परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। ऐसे में मिशन शक्ति टीम ने बच्चे के परिजनों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिस टीम ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर बच्चे के परिवार की तलाश की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस को उसके परिजनों की जानकारी मिल गई।
इसके बाद मिशन शक्ति टीम ने बच्चे के माता-पिता को थाना बुढ़ाना बुलाया और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के बाद मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। काफी समय बाद अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने बच्चे को सकुशल वापस दिलाने पर पुलिस टीम का आभार जताया।पुलिस की तत्परता और मिशन शक्ति टीम के प्रयासों से एक परिवार को उसकी खुशियां वापस मिल गईं। स्थानीय स्तर पर भी पुलिस के इस मानवीय कार्य की सराहना की जा रही है।















