अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेडिकेयर के 2.08 करोड़ लोगों को 90 डॉलर (8,669 रुपये) की एकमुश्त राशि देने का ऐलान किया है. यह पैसा मेडिकेयर पार्ट B के अक्टूबर के प्रीमियम में मदद के लिए दिया जाएगा. यह भुगतान मेडिकेयर इम्प्रूवमेंट फंड से किया जा रहा है. अमेरिकी सरकार के मुताबिक, यह पैसा मेडिकेयर पार्ट B में शामिल करीब 2.08 करोड़ लोगों को मिलेगा. इसके लिए कुछ शर्तें हैं. लाभार्थी का अमेरिका में रहना जरूरी है. उसे ओरिजिनल मेडिकेयर पार्ट B में होना चाहिए. साथ ही उसे प्रीमियम भरने में मेडिक एड से मदद नहीं मिल रही हो और वह पार्ट B पर अपनी आय के आधार पर अतिरिक्त शुल्क यानी IRMAA नहीं दे रहा हो. मेडिकेयर एडवांटेज में शामिल लोगों को यह पैसा नहीं मिलेगा. यानी मेडिकेयर में शामिल हर व्यक्ति इस भुगतान का हकदार नहीं है.
पैसा कब मिलेगा?
ज्यादातर पात्र लोगों को 8 अक्टूबर के आसपास 90 डॉलर सीधे बैंक खाते में मिलेंगे. जिन लोगों के पास डायरेक्ट डिपॉजिट की सुविधा नहीं है, उन्हें अक्टूबर में बाद में डाक से चेक भेजा जाएगा. यह राशि खास तौर पर अक्टूबर के पार्ट B प्रीमियम की भरपाई में मदद के लिए है. 2026 में पार्ट B का सामान्य मासिक प्रीमियम 202.90 डॉलर है. यानी 90 डॉलर से पूरे प्रीमियम की भरपाई नहीं होगी, बल्कि उसका एक हिस्सा कम होगा.
चुनाव से पहले क्यों चर्चा में है?
ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर इस भुगतान का ऐलान किया. सरकार का कहना है कि इसका मकसद बुजुर्गों के स्वास्थ्य खर्च को कम करने में मदद करना है. लेकिन यह घोषणा नवंबर के मिडटर्म चुनाव से कुछ हफ्ते पहले हुई है. द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इसे चुनाव से पहले ट्रंप की दूसरी वित्तीय घोषणाओं के साथ जोड़कर रिपोर्ट किया है.ट्रंप का 18 साल से ज्यादा उम्र के अमेरिकियों को 5,000 डॉलर देने का प्रस्ताव इससे अलग है. उसे लागू करने के लिए अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी. इसके अलावा सरकार ने अफोर्डेबल केयर एक्ट के तहत कथित तौर पर ज्यादा भुगतान करने वाले लोगों को 500 डॉलर का अलग रिफंड देना भी शुरू किया है. यह योजना 90 डॉलर के मेडिकेयर भुगतान से जुड़ी नहीं है. यानी 90 डॉलर का भुगतान सिर्फ तय शर्तों वाले मेडिकेयर पार्ट B लाभार्थियों के लिए है और पात्र लोगों को यह राशि अपने आप मिलने की उम्मीद है.















