मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को 21 से विशेष अभियान, एसडीएम ने बूथों का किया निरीक्षण.

मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह के निर्देशों के क्रम में उप जिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव ने तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम अमीननगर सहित विधानसभा क्षेत्र 12 चरथावल के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय तक अपने बूथों पर उपस्थित रहें और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता से पूरा करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए बीएलओ घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को जागरूक करें और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं।

एसडीएम ने बताया कि 21-22 नवंबर तथा 28-29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस के तहत मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिक पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो रही है और अन्य पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी भी विवरण में संशोधन कराने के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे विशेष अभियान दिवसों पर अपने नजदीकी बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची अवश्य जांचें और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर तत्काल सुधार कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण जरूरी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts