मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़वाने को 28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान.

मुजफ्फरनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी कक्ष में हुई बैठक में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने तथा नए मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान कराएं, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हो पाए हैं अथवा किसी कारणवश सूची से हट गए हैं। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं और महिला मतदाताओं का चिन्हांकन कर फार्म-6 के माध्यम से उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 28 नवंबर और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर आम नागरिकों से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना है, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं हो पाया है या किसी कारणवश विलोपित हो गया है। ऐसे नागरिक पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों को भी विशेष अभियान की दोनों तिथियों पर संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश देने का अनुरोध किया, ताकि बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग मिल सके और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णकान्त विश्वकर्मा सहित भाजपा से ओम प्रकाश उपाध्याय, आम आदमी पार्टी से अजय चौधरी, कांग्रेस के जिला महासचिव ममनून अहमद एडवोकेट, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पवन बंसल, माकपा से सुभाष उपाध्याय, बसपा के जिला उपाध्यक्ष इंतजार अली और जिला महासचिव जी. सिंह बौद्ध मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts