मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंसूरपुर थाना पुलिस ने 209 पव्वे अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय चौधरी तथा मंसूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।मंसूरपुर थाना पुलिस ने ग्राम हुसैनपुर बोपाड़ा में शराब के ठेके के सामने स्थित एक परचून की दुकान के पीछे से आरोपी बिजेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र करीब 44 वर्ष बताई गई है। वह शामली जनपद के थाना भवन क्षेत्र के ग्राम मोरमाजरा का निवासी है और वर्तमान में मंसूरपुर स्थित मिल परिसर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेतक मार्का देशी शराब के 209 पव्वे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब अवैध थी।
इस मामले में मंसूरपुर थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 314/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और उसे समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।















