आईपीएल 2027 सीजन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए बुरी खबर सामने आई है. टीम के युवा बल्लेबाज और भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे चोटिल हो गए हैं. उनकी दाईं हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-4 टियर होने के कारण सर्जरी करानी पड़ी है, जिसके कारण वह लंबे समय के लिए क्रिकेट के मैदान से बाहर हो गए हैं. ऐसे में IPL 2027 में उनके खेलने पर सवाल उठने लगे हैं. म्हात्रे की सर्जरी मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुई और ऑपरेशन सफल भी रहा, लेकिन उनकी वापसी में दो से चार महीने तक का समय लग सकता है. फिलहाल वह बैसाखी के सहारे चल रहे हैं.आयुष को 11 अक्टूबर को वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ रणजी मुकाबले के दौरान चोट लगी थी. लेकिन अब इस चोट के कारण वह मुंबई के रणजी ट्रॉफी सीजन के बाकी मुकाबलों से भी बाहर हो सकते हैं. आईपीएल 2027 की शुरुआत मार्च के आखिर में होने की संभावना है.
ऐसे में उनकी फिटनेस और रिकवरी पर सबकी नजरें रहेंगी. गौरतलब है कि आयुष IPL 2026 में भी चोट के कारण पूरा सीजन नहीं खेल पाए थे. 8 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. इसके बाद उन्हें लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना पड़ा था. अब दोबारा चोट लगने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं. अगर आयुष IPL 2027 से बाहर रहते हैं, तो CSK की योजनाओं को झटका लग सकता है. टीम को उनकी वापसी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है.















