बाँदा। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को थाना नरैनी में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल व पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा ने खुद पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस की खबर मिलते ही सुबह से ही थाने में आसपास के गांवों से सैकड़ों फरियादी पहुंच गए। कोई जमीन के विवाद को लेकर आया था, तो कोई पुलिस की कार्रवाई से परेशान था। कई लोग राजस्व और पुलिस से जुड़ी पुरानी समस्याएं लेकर पहुंचे। मंडलायुक्त और डीआईजी ने एक-एक फरियादी को अपने सामने बैठाकर उसकी पूरी बात सुनी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने साफ कहा थाना समाधान दिवस का मतलब सिर्फ कागज पर शिकायत लेना नहीं है, बल्कि जनता को मौके पर ही राहत देना है।
कोई भी फरियादी निराश होकर वापस नहीं जाएगा।जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने लेखपाल, एसआई और संबंधित थानाध्यक्षों को चेतावनी दी कि शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बड़े अफसरों को अपने बीच पाकर फरियादियों के चेहरों पर खुशी दिखी। लोगों ने कहा कि पहले छोटी-छोटी शिकायतों के लिए महीनों चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन आज बड़े अफसरों ने खुद हमारी बात सुनी और मौके पर ही आदेश दिया। मंडलायुक्त और डीआईजी ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता की समस्याओं का समाधान उनके ही थाने पर हो। इसलिए हर थाने में समाधान दिवस को और प्रभावी बनाया जाएगा।















