मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने ब्लॉक जानसठ के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, छात्र उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उच्च प्राथमिक विद्यालय नंगला मुबारिक में कार्यरत समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। यहां पंजीकृत 30 बच्चों में से 23 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शौचालय और सबमर्सिबल क्रियाशील मिले तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा था।
प्राथमिक विद्यालय नंगला मुबारिक में 60 में से 44 बच्चे उपस्थित मिले। एक शिक्षामित्र अवैतनिक अवकाश पर थीं, जबकि अन्य स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय में निपुण लक्ष्य तालिका चस्पा मिली और शौचालय, हैंडपंप व समरसेबल चालू अवस्था में पाए गए।पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय चितौड़ा में 259 में से 186 बच्चे उपस्थित मिले। स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब क्रियाशील मिलीं। एमडीएम के लिए खाद्यान्न और कन्वर्जन कास्ट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध था। उच्च प्राथमिक विद्यालय कवाल में 297 में से 178 तथा प्राथमिक विद्यालय कवाल-1 में 250 में से 160 बच्चे उपस्थित मिले। दोनों विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। बीएसए ने विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को बनाए रखने पर जोर दिया।
























































