मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सड़क, बिजली, एनओसी, बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन की 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण और विद्युत पोल शिफ्टिंग के मामले में एनएचएआई प्रतिनिधि ने बताया कि कार्य का एस्टीमेट मुख्यालय से स्वीकृत हो चुका है। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर जल्द पूरा कराया जाएगा। धंधेड़ा रोड से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क पर भी शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। मैसर्स बी.के. टाइल्स के पास क्षतिग्रस्त लिंक रोड के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई।
मैसर्स राधा गोविन्द ऑटोमोबाइल्स की एनओसी और मानचित्र संबंधी प्रकरण में आवश्यक रिपोर्ट प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम लच्छेड़ा में मिल्टेक इंडस्ट्रीज के सामने विद्युत पोल लगाने और तारों को ऊंचा कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हुए प्लेसमेंट की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने औद्योगिक संगठनों से औद्योगिक आस्थान के मुख्य मार्ग के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों में एमडीए व नगर पालिका के साथ सक्रिय सहभागिता की अपील की। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग जैस्मीन ने किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
























































