फर्जी आधार-पैन से 104 बीघा जमीन बेचने की साजिश, तीन गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने हरियाणा निवासी किसान के नाम और पते का इस्तेमाल कर फर्जी आधार कार्ड व पैन कार्ड बनाकर बैंक खाता खुलवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर किसान की 104 बीघा कृषि भूमि को धोखाधड़ी से बेचने का प्रयास करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी सुरेंद्र कुमार की रामराज थाना क्षेत्र में 104 बीघा कृषि भूमि है। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने सुरेंद्र कुमार के नाम-पते पर फर्जी आधार और पैन कार्ड तैयार कर पंजाब नेशनल बैंक की रामराज शाखा में खाता खुलवाया। बैंक खाते में सुरेंद्र कुमार की जगह आरोपी आसिफ उर्फ बादशाह की फोटो लगाई गई और उसे सुरेंद्र कुमार के रूप में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की योजना किसान और उसके सहखातेदारों की कृषि भूमि को फर्जी तरीके से बेचकर उससे प्राप्त रकम को फर्जी दस्तावेजों से खोले गए बैंक खाते में जमा कराने की थी। मामले की जानकारी होने पर किसान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच साइबर क्राइम थाना पुलिस को सौंपी गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध राधारमण सिंह और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts