मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके द्वारा विभाग में किए गए कार्यों और योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देना अपने आप में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया है। उनकी सेवाएं और अनुभव विभाग के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।
इस अवसर पर इन्दु सिद्धार्थ ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजनों से भी बातचीत की और उनके सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लंबे सेवाकाल में उनके परिवारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। परिवार के सहयोग और त्याग से ही पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर पाते हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखमय, समृद्ध और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद जीवन की कामना की।















