किसान दिवस में गन्ना, बिजली, प्रदूषण और सफाई से जुड़ी समस्याएं उठीं.

मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलेभर से पहुंचे किसानों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने किसानों की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। साथ ही पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी भी किसानों को दी गई।

किसान दिवस में गन्ना विभाग से संबंधित समस्या उठाते हुए किसान भजन लाल ने बताया कि उनकी माता प्रेमो के खाता संख्या 129/319 में जमीन कम दर्शाए जाने के कारण गन्ने की पर्चियां कम कर दी गई हैं। उन्होंने माता के नाम पर पूर्व की भांति पर्चियां और बांड बनवाने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। बिजली विभाग से संबंधित शिकायत में राजबीर सिंह ने विद्युत खंभों पर मोटी रबड़िंग केबल लगवाने, कथित झूठी एफआईआर निरस्त कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदूषण विभाग से संबंधित शिकायत में किसानों ने बताया कि मोरना विकासखंड के शुक्रताल क्षेत्र में संचालित कोल्हुओं में गन्ने की पत्ती और खोई के स्थान पर पन्नी व कचरा जलाया जा रहा है। इससे क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने इस समस्या का समाधान कराने की मांग की। इसके अलावा नगर पालिका से संबंधित शिकायत में सदर क्षेत्र में श्मशान घाट के पास मंदिर के बराबर वाले रास्ते पर पुल निर्माण कराने की मांग उठाई गई। किसानों ने नालों और सड़कों की नियमित सफाई नहीं होने की समस्या भी अधिकारियों के समक्ष रखी।

किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को उनके हित में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अंत में गंभीर सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के निस्तारण पर व्यक्तिगत ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण आख्या की सॉफ्ट कॉपी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड करने और हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आगामी किसान दिवस में सभी संबंधित अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने के लिए भी निर्देशित किया गया।इस अवसर पर उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, क्षेत्राधिकारी नई मंडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts