बांदा। पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर भागा अभियुक्त अब ज्यादा दिन बाहर नहीं रह पाया। बिसण्डा पुलिस ने उसे कचहरी रोड से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की फिराक में घूम रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस की भ्रमणशील टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चल रहा है। इसी क्रम में थाना बिसण्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम मलखान पुत्र कल्लू है, जो ग्राम महोखर, थाना कोतवाली देहात, जनपद बांदा का रहने वाला है।मलखान पर नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में वांछित था। 01 नवंबर को वो थाना बिसण्डा में पुलिस अभिरक्षा में था, तभी निगरानी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
भागने के बाद उसके खिलाफ थाना बिसण्डा में अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया। एसपी बांदा ने तुरंत पुलिस टीमों का गठन कर गिरफ्तारी के आदेश दिए। पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की। 04 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार अभियुक्त कोतवाली नगर क्षेत्र में कचहरी परिसर के आसपास न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर क्षेत्र में भ्रमणशील टीम ने घेराबंदी की और कचहरी रोड के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद मलखान की निशानदेही पर थाना कोतवाली देहात के ग्राम बरगहनी से वो हथकड़ी भी बरामद कर ली गई, जिसे लेकर वो फरार हुआ था।अभियुक्त को गिरफ्तार कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।















