औरैया। कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मंगलवार रात रुहाई मुहाल स्थित श्याम मिष्ठान भंडार के गोदाम पर छापा मारकर 181.590 किलोग्राम अवैध पटाखे और आतिशबाजी बरामद की। मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों के भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि रुहाई मुहाल स्थित श्याम मिष्ठान भंडार के गोदाम में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम ने गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान वैभव गुप्ता (29) पुत्र रामप्रकाश गुप्ता को रात करीब 11:20 बजे हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान आठ बोरियों में रखे पटाखे, फुलझड़ियां और रॉकेट बरामद हुए। पुलिस ने बरामद आतिशबाजी का कुल वजन 181.590 किलोग्राम बताया है।
बुधवार को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी वैभव गुप्ता के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9 (ख) (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मंगल सिंह और उपनिरीक्षक संजीव कुमार शामिल रहे।















