मुजफ्फरनगर। में आयोजित पीडीए व्यापारी जनसंवाद कार्यक्रम एवं धन्यवाद सभा में बड़ी संख्या में व्यापारी, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में व्यापारियों ने छोटे एवं मध्यम कारोबार पर बढ़ते दबाव, व्यापारिक नीतियों, सुरक्षा और कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और रोजमर्रा की आर्थिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। छोटे दुकानदारों और मध्यम कारोबारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ने का असर रोजगार और बाजार की पूरी श्रृंखला पर पड़ता है।
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर लगातार संवाद कर रही है। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों की आवाज मजबूत होना जरूरी है तथा उन्हें सुरक्षित और सुगम व्यापारिक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार की व्यापारिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इनका लाभ बड़े कारोबारी वर्ग को अधिक मिला है।
पूर्व सांसद कादिर राणा ने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नीतियां बनाते समय छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबारियों तक सभी के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। सपा नेता गौरव जैन ने कहा कि मुजफ्फरनगर का व्यापारी वर्ग मेहनत और उद्यम के बल पर स्थानीय अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाता है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष समाजवादी व्यापार सभा अब्दुल मुत्तलिब ने सभी व्यापारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पीडीए व्यापारी जनसंवाद का उद्देश्य समस्याओं को सुनकर संगठन के माध्यम से आगे उठाना है। कार्यक्रम को असद पाशा, अंसार आढ़ती, मो. नियाज हैदर, फिरोज अंसारी, विपिन लाटियान, राशिद मलिक और डॉ. इसरार अल्वी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस दौरान रजनीश गुप्ता, डॉ. अजय चौरसिया, अक्षय जैन अरिहंत, संजय यादव और हाजी लियाकत कुरेशी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।















