पीएम मोदी के लखनऊ दौरे को लेकर शहर में करीब 5000 पुलिसकर्मी और कई स्पेशल सुरक्षा यूनिट्स तैनात रहेंगी। इस बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड, एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड, स्नाइपर, एंटी-ड्रोन सिस्टम, नाइट-विजन टीमें और एक्सेस-कंट्रोल यूनिट्स शामिल होंगी।सुरक्षा व्यवस्था में पीएम मोदी के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर आगमन, शहीद पथ से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक की उनकी 24 किलोमीटर की सड़क यात्रा और शाम को वापस हवाई अड्डे तक की उनकी वापसी शामिल है। पीएम मोदी शाम 4:55 बजे अमौसी हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे गेट नंबर 3 से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
पीएम की सुरक्षा में तैनात रहेंगी ये टीमें
पीएम मोदी की सुरक्षा में सीनियर पुलिस अधिकारी, सैकड़ों इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर, करीब 2000 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, ट्रैफिक पुलिस, पीएसी कंपनियां, विशेष आतंकवाद-रोधी टीमें और तकनीकी निगरानी यूनिट्स शामिल हैं। पीएम की सुरक्षा ढांचे में पीएसी की 11 कंपनियां और दो प्लाटून, रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स की दो कंपनियां, एक एनएसजी टीम, तीन एटीएस टीमें, एक स्नाइपर टीम, एक एनएसजी एंटी-ड्रोन सिस्टम और छह एक्सेस-कंट्रोल टीमें शामिल हैं।
एयरपोर्ट से आईजीपी तक रूट जगमग
पीएम मोदी के दौरे पर एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) तक नगर निगम ने लाइटिंग की है। शहीद पथ पर पेड़-पौधों को रंग-बिरंगी लाइट्स से सजाया गया है और रास्ते भर स्वच्छता के प्रति जागरूक करती पेंटिग्स बनाई गई है।
रक्षामंत्री भी आज आएंगे लखनऊ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 21 और 22 नवंबर को लखनऊ दौरे पर रहेंगे। बीजेपी महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने बताया कि रक्षा मंत्री शनिवार दोपहर 3:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर 4:10 बजे 5, कालिदास मार्ग जाएंगे। शाम 5:30 से 6:45 बजे तक 5वें स्किल दीक्षांत समारोह एवं राष्ट्रीय टॉपर्स सम्मान समारोह में शामिल होकर आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार सुबह 11:30 से दोपहर 12:45 बजे तक बीबीडी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह और 1:00 बजे निजी कार्यक्रम में शिरकत के बाद वे दोपहर 2:05 बजे देहरादून रवाना होंगे।















