मुजफ्फरनगर। नेपाल में 28 अगस्त को आई भीषण प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की पहल पर चलाया गया ‘नेपाल हेल्पिंग हैंड्स’ अभियान अब ग्राउंड जीरो तक पहुंच गया है। अभियान के तहत मुजफ्फरनगर से एकत्र की गई राहत सामग्री और आर्थिक सहायता नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई गई। ग्राउंड जीरो से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में तबाही के भयावह दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
15 सितंबर को टाउनहाल से मीनाक्षी स्वरूप ने राहत सामग्री से भरे वाहन को नेपाल के लिए रवाना किया था। युवा भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद विकल्प जैन के नेतृत्व में दिनेश जैन, पूर्व सभासद आशुतोष गुप्ता, मनीष चौहान और विपिन जैन भी टीम के साथ नेपाल पहुंचे। करीब चार दिन की यात्रा के बाद काठमांडू पहुंची टीम को विश्व हिंदू महासंघ अंतर्राष्ट्रीय की अध्यक्ष अस्मिता भंडारी का सहयोग मिला। उनकी टीम ने सीमा क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं कराकर मुजफ्फरनगर की टीम को प्रभावित इलाकों तक पहुंचाया।
विकल्प जैन ने टीम के साथ कई गांवों, राहत शिविरों और नगरपालिका परिषद चौतारो क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अपने हाथों से राहत सामग्री व आर्थिक सहायता पहुंचाई। टीम ने बताया कि कई बस्तियां और बाजार तेज बहाव के साथ आए मलबे में दब गए हैं। कई स्थानों पर तबाही का मलबा 20 से 25 फीट तक जमा है। प्रभावित लोगों के सामने भोजन, रहने और अन्य जरूरी संसाधनों का संकट बना हुआ है।
विकल्प जैन के अनुसार, आपदा प्रभावित क्षेत्र पहले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र थे, लेकिन अब वहां तबाही के निशान हैं। कई परिवार अब भी मलबे में अपनों की तलाश कर रहे हैं। टीम ने प्रभावित लोगों की पीड़ा और आपदा की भयावह तस्वीरों को वीडियो के जरिए सामने लाया है। टीम के सोमवार सुबह तक मुजफ्फरनगर लौटने की संभावना है।















