आगरा। पंच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सिटी जोन में ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी शाम छह बजे से रात एक बजे तक सड़कों और प्रमुख बाजारों में मुस्तैद रहेंगे।
प्रमुख बाजारों में भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी।
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने तीनों जोन के डीसीपी के साथ बैठक कर बाजारों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की है। इसके तहत सिटी जोन में रात एक बजे तक पुलिस की विशेष सतर्कता रहेगी। बाजारों में भीड़ को देखते हुए नो एंट्री का समय भी बढ़ाया गया है।
एमजी रोड पर स्पीड कलर लैब से लेकर दीवानी चौराहे तक 75 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि धनतेरस पर खरीदारी के लिए निकलने वाले लोगों को सुरक्षा के साथ-साथ जाम की समस्या से भी राहत मिल सके।















