मुजफ्फरनगर। दीपावली का पर्व खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, लेकिन आतिशबाजी के दौरान थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) और जिला पूर्ति विभाग ने पीएनजी गैस उपभोक्ताओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया है कि घरों और आसपास स्थापित पीएनजी गैस पाइपलाइन तथा गैस उपकरणों के नजदीक पटाखे, बम और रॉकेट जलाना बेहद खतरनाक हो सकता है। आतिशबाजी से निकलने वाली चिंगारी या आग गैस रिसाव की स्थिति में गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए दीपावली पर आतिशबाजी करते समय गैस पाइपलाइन और उससे जुड़े उपकरणों से पर्याप्त दूरी बनाए रखना जरूरी है।
आईजीएल और जिला पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि गैस पाइपलाइन के आसपास दीपक, मोमबत्ती अथवा अन्य ज्वलनशील सामग्री न रखें। लोगों को घरों में लगी पीले रंग की जीआई पाइपलाइन की पहचान करने के लिए भी जागरूक किया गया है, ताकि वे गैस लाइन के आसपास सावधानी बरत सकें। इसके अलावा भूमिगत गैस वाल्व चैंबर के ऊपर किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा संबंधी छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। किसी भी स्थान पर गैस की गंध आने या रिसाव की आशंका होने पर आग जलाने, बिजली के स्विच चलाने अथवा चिंगारी पैदा करने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल सुरक्षित दूरी बनाकर आपातकालीन सहायता लेनी चाहिए। इसके लिए आईजीएल का 24 घंटे सक्रिय इमरजेंसी कंट्रोल रूम उपलब्ध है। उपभोक्ता गैस रिसाव या किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 7428097826, 7428097827 और 7428097828 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षित दीपावली मनाएं और दूसरों को भी गैस पाइपलाइन के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक करें।















